देहरादून: उत्तराखंड विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में तैनात एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जेई पर टेंडर की पेमेंट जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभाग में टेंडर से जुड़े कार्य करते हैं और उन्होंने पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। आरोप है कि संबंधित कार्य की पेमेंट जारी करने के एवज में जेई फैसल खान लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस की ट्रैप टीम का गठन किया गया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी जेई फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
विजिलेंस विभाग ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।