Prateek Yadav Asthi Visarjan: बेटी ने गंगा में बहाया ‘आई लव यू पापा’ लिखा कार्ड, हरिद्वार में भावुक माहौल

हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में पूरे विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जित की गईं। अस्थि विसर्जन के दौरान एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला, जब उनकी मासूम बेटी ने ‘आई लव यू पापा’ लिखा कार्ड गंगा की धारा में प्रवाहित किया। इस पल ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया।

वीआईपी घाट पर आयोजित अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में परिवार के सदस्य गहरे शोक में डूबे नजर आए। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव नम आंखों से धार्मिक रस्में निभाती दिखाई दीं। वहीं उनकी बेटी ने पिता की अस्थियों के साथ एक छोटा-सा कार्ड भी गंगा में बहाया, जिस पर ‘आई लव यू पापा’ लिखा था और दिल का निशान बना हुआ था। बेटी का अपने पिता के प्रति यह अंतिम संदेश देख घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं।

इस दौरान अपर्णा यादव ने बेटी को गले लगाकर संभाला। परिवार के अन्य सदस्य भी बेहद भावुक दिखाई दिए। अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी हरिद्वार पहुंचे थे। सुरक्षा के मद्देनजर वीआईपी घाट पर पुलिस और प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे।

प्रतीक यादव की अस्थियां पूरे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा में प्रवाहित की गईं। इस मौके पर उनकी पत्नी अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा के साथ शिवपाल यादव के सांसद बेटे आदित्य यादव भी मौजूद रहे।

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यादव परिवार के लिए यह दूसरा बड़ा दुख माना जा रहा है। राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में भी शोक की लहर है। कई नेताओं और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

बता दें कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार तड़के निधन हो गया था। वह लखनऊ स्थित विक्रमादित्य मार्ग आवास पर अचेत अवस्था में मिले थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से हायपरटेंशन और खून का थक्का बनने जैसी समस्याओं से जूझ रहे थे तथा मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *