उत्तराखंड: पीएम मोदी के रोड शो में गूंजी दून के डमरू मंडल की धुन, सोमनाथ में प्रस्तुति ने जीता दिल

सोमनाथ अमृत महोत्सव के दौरान देहरादून के भैरवनाथ डमरू मंडल ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में डमरू मंडल की पारंपरिक धुनें खास आकर्षण का केंद्र रहीं। हेलीपैड से लेकर सोमनाथ मंदिर तक रोड शो के दौरान डमरू वादन की गूंज सुनाई देती रही, जिस पर प्रधानमंत्री भी प्रभावित नजर आए।

सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को भव्य अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन में देशभर की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को स्थान दिया गया, जिसमें उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हुए देहरादून का भैरवनाथ डमरू मंडल भी शामिल हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ पहुंचने के बाद भव्य रोड शो निकाला गया। इस दौरान देहरादून के कलाकार प्रधानमंत्री की कार के आगे डमरू बजाते हुए चलते रहे। करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग में कलाकारों ने लगातार प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। डमरू की गूंज और कलाकारों के तालमेल ने वहां मौजूद लोगों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा।

भैरवनाथ डमरू मंडल के संचालक अर्जुन श्रीवास्तव ने बताया कि मंडल के 30 सदस्यीय दल ने इस विशेष आयोजन में प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सामने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करना पूरे दल के लिए गर्व का क्षण रहा।

प्रस्तुति समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मंडल के कलाकारों की सराहना की। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से डमरू मंडल की प्रस्तुति की तस्वीरें भी साझा की गईं, जिसके बाद यह प्रस्तुति सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *