Pauri News: थलीसैंण में युवक को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश, 45 फीसदी झुलसा, आरोपी फरार

पौड़ी जिले के थलीसैंण थाना क्षेत्र अंतर्गत रौली गांव में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के एक युवक पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले करने का प्रयास किया गया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (40) पर गांव के ही आनंद सिंह ने कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल वीरेंद्र सिंह को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के मुताबिक वीरेंद्र सिंह करीब 45 फीसदी तक झुलस गया है, हालांकि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

थानाध्यक्ष रविंद्र नेगी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी आनंद सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक घटना के दौरान आरोपी का हाथ भी झुलस गया है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *