पौड़ी गढ़वाल। जनपद के बमठी गांव में गुलदार के हमले से एक बुजुर्ग महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बमठी गांव निवासी सीता देवी (करीब 75 वर्ष) बृहस्पतिवार सुबह अपने घर के पास स्थित खेतों में भैंस के लिए घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
बताया जा रहा है कि गुलदार महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटकर घनी झाड़ियों में ले गया। काफी समय तक घर नहीं लौटने पर उनके पति सुरेंद्र दत्त रतूड़ी ने उन्हें आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की।
खेत में महिला की चप्पल और दरांती मिलने के बाद आशंका बढ़ गई। तलाश के दौरान झाड़ियों में महिला का अधखाया शव बरामद हुआ, जिससे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों का घेराव कर गुलदार को आदमखोर घोषित करने और उसे तत्काल मारने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गुलदार को मारा नहीं जाता, तब तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ माह पहले पास के बाड़ा गांव में भी गुलदार ने एक नेपाली मजदूर को मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही है।
वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि गुलदार की निगरानी की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।