नैनीताल में फर्जी पहचान बनाकर युवती से दोस्ती, 17 लाख की ठगी और धर्म परिवर्तन का दबाव; आरोपी गिरफ्तार

नैनीताल। जिले में फर्जी पहचान बनाकर युवती से दोस्ती करने, आर्थिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, भीमताल निवासी मो. यूनुस पर आरोप है कि उसने अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क साधा। वह फोटोग्राफी, वीडियो शूट, हाइकिंग ग्रुप, म्यूजिक सेशन और बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियों के जरिए महिलाओं से नजदीकियां बढ़ाता था।

पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात वर्ष 2020 में आरोपी से एक वीडियो शूट के दौरान हुई थी। शुरुआती दौर में आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाई और खुद को धर्म से ऊपर बताकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती चली गई।

आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी ने युवती से पैसों की मांग शुरू कर दी और कैमरा, लेंस, मैक मिनी, मॉनिटर और आईफोन जैसे महंगे उपकरण खरीदने के नाम पर करीब 17 लाख रुपये खर्च करा लिए।

पीड़िता के मुताबिक, जब आरोपी ने शादी की बात की, तब उसकी वास्तविक पहचान उजागर हुई। इसके बाद वह उस पर खान-पान और पहनावे में बदलाव करने के साथ धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी द्वारा मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी हेम पंत ने बताया कि आरोपी को गुरुवार शाम नैनीताल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *