रुद्रप्रयाग। नंद किशोर यादव ने बुधवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
धाम पहुंचने पर मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। बाबा केदार के दर्शन के बाद राज्यपाल ने कहा कि केदारनाथ धाम आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का अद्भुत केंद्र है। यहां का आध्यात्मिक वातावरण हर श्रद्धालु को नई ऊर्जा और सकारात्मक अनुभूति प्रदान करता है।
राज्यपाल नंद किशोर यादव ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न सेवा संस्थाएं श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य कर रही हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिल रही है।
इस दौरान राज्यपाल ने श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहित समाज से भी संवाद किया। उन्होंने यात्रा अनुभवों की जानकारी लेते हुए कहा कि चारधाम यात्रा देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है। यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु अपने साथ नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश लेकर लौटता है।