खटीमा में विकास कार्यों की सौगात, सीएम धामी ने किया ‘दीदी की लाइब्रेरी’ और व्यायामशाला का लोकार्पण

खटीमा में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को क्षेत्र को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। विकासखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से बनी ‘दीदी की लाइब्रेरी’, 7.50 लाख रुपये की लागत से तैयार व्यायामशाला भवन और 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि ‘दीदी की लाइब्रेरी’ विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पुस्तकालय युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने लक्ष्यों को हासिल करने में सफल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। नई लाइब्रेरी ऐसे युवाओं के लिए वरदान साबित होगी। यहां उपलब्ध अध्ययन सामग्री और पुस्तकों के माध्यम से छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में ‘दीदी की लाइब्रेरी’ का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने व्यायामशाला भवन के आधुनिकीकरण को भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देशभर में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशामुक्त और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए खेल और फिटनेस सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास पर समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके गृह क्षेत्र के साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, डॉ. प्रेम सिंह राणा, रविंद्र राणा, कमल जिंदल, डॉ. विनीता सक्सेना, रंदीप पोखरिया, गुड्डू टम्टा और भास्कर सम्मल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *