हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में साधु की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लालच और गुस्से में आकर साधु की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 14 अप्रैल को वन विभाग के कर्मचारियों से सूचना मिली थी कि रिजर्व के जंगल में एक साधु घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना पर खड़खड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 45 वर्षीय साधु को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने पर कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मृतक की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने स्वयं वादी बनकर मामले की जांच शुरू की और कई टीमों का गठन किया गया।
फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों, गंगा घाटों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग
जांच के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवक साधु के साथ जाते हुए दिखाई दिए। उनके हुलिये के आधार पर पुलिस ने तलाश तेज कर दी। दोनों आरोपियों के पास मोबाइल फोन नहीं था और वे नशे के आदी थे, जिससे उनकी तलाश करना चुनौतीपूर्ण हो गया था।
गश्त के दौरान हुई गिरफ्तारी
शुक्रवार को हिल बाईपास क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने सूखी नदी के फ्लाईओवर के पास दो संदिग्ध युवकों को देखा। सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने पर जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ चिकना (25) निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) और रोहित कुमार (19) निवासी पटना (बिहार) के रूप में हुई है।
लालच बना हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार में कुछ समय पहले मिले थे और साथ में शराब व गांजा पीते थे। 13 अप्रैल की रात दोनों हरकी पैड़ी के पास शराब पीकर सो गए थे।
अगले दिन काम की तलाश में निकलते समय उनकी मुलाकात साधु से हुई। बीड़ी मांगने पर जब साधु ने जेब से बीड़ी निकाली तो उसमें रखे पैसे देखकर दोनों के मन में लालच आ गया। जब उन्होंने पैसे मांगे तो साधु ने मना कर दिया और उन्हें डांट दिया।
इससे गुस्साए दोनों आरोपियों ने साधु का पीछा किया और जंगल में मौका पाकर उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद पत्थरों से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
पहचान अभी भी अज्ञात
हत्या के बाद आरोपी साधु की जेब से पैसे लेकर फरार हो गए। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस की सतर्कता, सीसीटीवी विश्लेषण और लगातार चेकिंग अभियान के चलते 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का सफल खुलासा कर लिया गया।