हरिद्वार: बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह योजना 30 अप्रैल की रात 12 बजे से प्रभावी होगी और मेला समाप्ति तक लागू रहेगी।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि स्नान पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। इसके तहत शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ट्रैफिक प्लान का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
ऐसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था:
यातायात का दबाव बढ़ने पर सभी भारी वाहनों को शहर की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। नगलाइमरती से आने वाले वाहनों को बैरागी कैंप पार्किंग और होल्डिंग एरिया की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चीला मार्ग को केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों की निकासी के लिए निर्धारित किया गया है।
सामान्य स्थिति में वाहन गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक तक पहुंचेंगे। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग का उपयोग वैकल्पिक निकासी मार्ग के रूप में किया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता के अनुसार मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए निर्देश:
दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर, कॉर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
अधिक दबाव की स्थिति में नगलाइमरती, लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर और बैरागी कैंप मार्गों का उपयोग वैकल्पिक रूट के रूप में किया जाएगा। वहीं दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर सहारनपुर, भगवानपुर, सालियर, बिजौली, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्था:
नजीबाबाद और मुरादाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडीचौकी के रास्ते भेजा जाएगा, जबकि बड़े वाहनों को गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे और उन्हें लालजीवाला, पंतद्वीप व चमगादड़ टापू पार्किंग में भेजा जाएगा।
ऑटो-विक्रम संचालन पर पाबंदी:
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले ऑटो केवल जयराम मोड़ तक ही संचालित होंगे। ललतारो पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, जिससे स्नान पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।