हरिद्वार में नशे की हालत में डायल-112 पर कॉल कर बम ब्लास्ट की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चार दिन के भीतर हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देकर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया था। पुलिस की तकनीकी जांच में आरोपी की पहचान होने के बाद उसे रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि रविवार तड़के सिटी कंट्रोल रूम पर एक कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी। साथ ही देश और प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाली में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की जांच एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल नंबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर धमकी दी थी। आरोपी ने बताया कि उसने नशे की हालत में दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह हरकत की।
पुलिस के अनुसार आरोपी हरिद्वार के एक होटल में काम करता है और शराब पीने का आदी है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में अब तक आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
एसएसपी ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अफवाह, धमकी या शरारत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।