ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी के पहुंचने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान हाथी सड़क की ओर बढ़ता दिखाई दिया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि लोगों ने सतर्कता बरतते हुए हाथी से दूरी बनाए रखी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। सुरक्षा के मद्देनजर एम्स रोड पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया। स्थिति सामान्य होने के बाद यातायात को दोबारा सुचारु रूप से शुरू करा दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में जंगली हाथी दिखाई दे तो उसके करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। साथ ही तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि ऋषिकेश और आसपास के वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में जंगली हाथियों की आवाजाही अक्सर देखने को मिलती है। ऐसे में वन विभाग लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह देता रहा है।