नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नबी करीम इलाके में शादी के महज छह दिन बाद नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को बेड के अंदर छिपा दिया और कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया। कई दिनों तक कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बेड के भीतर से महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया।
मृतका की पहचान उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी 28 वर्षीय निशा परवीन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति मोहम्मद एजाज 2 मई से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
दहेज प्रताड़ना का आरोप, भाई गिरफ्तार
मृतका के पिता मोहम्मद हसन ने आरोपी एजाज और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के बड़े भाई सरफराज को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी एजाज की तलाश में बिहार में भी दबिश दी जा रही है।
26 अप्रैल को हुई थी शादी
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर ने बताया कि निशा परवीन की शादी 26 अप्रैल को वैशाली, बिहार निवासी मोहम्मद एजाज से हुई थी। एजाज दिल्ली के नबी करीम इलाके में बैग बनाने का काम करता था और लक्ष्मणपुरी में किराये के कमरे में रहता था।
शादी के तीन दिन बाद 29 अप्रैल को एजाज अपनी पत्नी को हल्द्वानी से दिल्ली ले आया था। परिजनों का आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद से ही दहेज को लेकर निशा के साथ मारपीट की जा रही थी। निशा ने इसकी जानकारी अपने परिवार को भी दी थी।
गला घोंटकर हत्या की आशंका
आरोप है कि 2 मई को विवाद के बाद एजाज ने पत्नी की हत्या कर दी और शव को बेड के अंदर छिपाकर कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया। 8 मई को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां बेड के भीतर महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।