देहरादून: सुप्रिया श्रीनेत का केंद्र सरकार पर निशाना, महिला आरक्षण को लेकर उठाए गंभीर सवाल

देहरादून। कांग्रेस भवन में आयोजित एक प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर लोकतंत्र, संविधान और देश के संघीय ढांचे से खिलवाड़ किया जा रहा है।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण की पूरी तरह समर्थक है, लेकिन इसके बहाने देश को बांटने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को जानबूझकर परिसीमन और पुरानी जनगणना से जोड़ दिया गया है, जिससे इसके लागू होने में देरी हो रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं को सशक्त बनाने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने की रणनीति का हिस्सा है। श्रीनेत ने कहा कि जब महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात आती है, तब सरकार की नीतियां विफल साबित होती हैं। उन्होंने उन्नाव, हाथरस और अंकिता भंडारी जैसे मामलों का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि बिना जातिगत जनगणना के न्यायपूर्ण आरक्षण संभव नहीं है। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग करते हुए कहा कि यह सामाजिक न्याय के लिए आवश्यक है।

सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक तक नहीं बुलाई गई, जिससे सरकार की मंशा पर संदेह होता है। उन्होंने मणिपुर की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां महिलाएं लंबे समय से संघर्ष कर रही हैं, जो सरकार के दावों के विपरीत है।


विशेष सत्र बुलाने की मांग, कांग्रेस ने जताया समर्थन

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव लाते हैं, तो कांग्रेस पार्टी इसका पूरा समर्थन करेगी।

उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों में महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए। गोदियाल ने कहा कि यदि परिसीमन के बाद उनकी सीट महिला के लिए आरक्षित होती है, तो वह अपनी सीट महिला उम्मीदवार के लिए छोड़ने को तैयार हैं।

उन्होंने दोहराया कि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना कांग्रेस की प्राथमिकता है और पार्टी इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *