देहरादून: सीएम धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर बनी फिल्म का प्रोमो और पोस्टर किया लॉन्च

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म को भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता जैसे उच्च आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है और उनकी शिक्षाएं लोगों को सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं।

सीएम धामी ने कहा कि इस तरह के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में सहायक साबित होगी।

कार्यक्रम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर समेत कई गणमान्य व्यक्ति और कलाकार मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक और निर्माता दल को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *