देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता पर जानलेवा हमला और अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित हर्ष वालिया (26), निवासी नयागांव चंद्रबनी, भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में उनका कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
शिकायत के अनुसार, 20 अप्रैल की शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हर्ष वालिया गौतम कुंड के पास स्थित एक कैफे से अपनी बाइक पर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
आरोप है कि कार से उतरे हमलावरों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। तभी दूसरी कार में सवार अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण करने की कोशिश करने लगे। हर्ष वालिया के शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
स्थानीय लोगों को आता देख आरोपी घबरा गए और पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी अफरा-तफरी में हर्ष वालिया पास की दीवार फांदकर वहां से भागने में सफल रहे। इस दौरान उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई।
पीड़ित ने हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा समेत तीन अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध कार को कब्जे में ले लिया।
पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।