देहरादून: एटीएस कॉलोनी में हंगामा, आरोपी बिल्डर पर गुंडा एक्ट, जिला बदर की कार्रवाई तेज

देहरादून: राजधानी देहरादून की पॉश एटीएस कॉलोनी में रहने वाले लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी बिल्डर पुनीत मित्तल के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि सात दिनों के भीतर आरोपी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि संबंधित बिल्डर लंबे समय से इलाके में दबंगई और मनमानी कर रहा है। उस पर सरकारी भूमि पर कब्जा, अवैध निर्माण और स्थानीय निवासियों के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और हर बार हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को राहत मिलती रही।

हाल ही में कॉलोनी में रहने वाले एक वैज्ञानिक दंपती के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया, जिसमें पीड़ित के कान का पर्दा फटने तक की बात कही जा रही है। इससे पहले कॉलोनी अध्यक्ष के साथ भी मारपीट और त्योहारों के दौरान बच्चों को धमकाने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

निवासियों का यह भी आरोप है कि आरोपी बिल्डर अक्सर तेज रफ्तार में वाहन चलाकर बच्चों को डराता है और बिना किसी कारण गाली-गलौज कर लोगों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। इन घटनाओं से कॉलोनी में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय निवासी ईश्वरी प्रसाद के अनुसार, उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन आरोपी की कथित ऊंची पहुंच के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने वालों के खिलाफ झूठे काउंटर केस दर्ज कराए जा रहे हैं।

वहीं, बढ़ते आक्रोश के बीच कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *