बदरीनाथ धाम में आज से धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार, पांच दिवसीय हनुमान कथा को लेकर भक्तों में उत्साह

उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बदरीनाथ धाम में आज से बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का पांच दिवसीय दिव्य दरबार और हनुमान कथा का आयोजन शुरू हो रहा है। 27 मई से 31 मई तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। देशभर से भक्तों और संतों का बदरीनाथ धाम पहुंचना लगातार जारी है।

आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन बदरीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा परिसर में किया जाएगा। प्रतिदिन अपराह्न दो बजे से धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को हनुमान कथा का श्रवण कराएंगे। कथा के दौरान भजन संध्या और सनातन जागरण जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे धाम का वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।

कथा आयोजन समिति से जुड़े जयदीप मेहता ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन का शुभारंभ दिव्य जल कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

धार्मिक आयोजन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बदरीनाथ धाम में होटल, धर्मशालाओं और अन्य ठहराव स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। स्थानीय व्यापारियों को भी इस आयोजन से पर्यटन और व्यापार में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि पवित्र बदरीनाथ धाम में आयोजित होने वाली हनुमान कथा और दिव्य दरबार से धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा मिलेगी और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *