ऋषिकेश: बजरंग सेतु का कांच फिर टूटा, सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी चिंता

ऋषिकेश। टिहरी और पौड़ी जनपद की सीमा को जोड़ने वाले निर्माणाधीन बजरंग सेतु का कांच एक बार फिर टूट गया है। करीब 69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस आधुनिक पुल पर सुरक्षा व्यवस्था न होने से लोगों में नाराजगी है। उद्घाटन से पहले ही पुल पर बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि पुल के पारदर्शी कांच वाले फुटपाथ को असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है। इससे पहले अप्रैल माह में भी पुल का कांच तोड़ा गया था। इसके बावजूद पुल की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। वर्तमान में पुल पर एक भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है।

बजरंग सेतु इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पारदर्शी कांच पर लोग फोटो और रील बनाने के लिए पहुंच रहे हैं। लगातार बढ़ती भीड़ और बिना निगरानी के आवाजाही से कांच को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।

लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर की ओर से वर्ष 2022 में लक्ष्मणझूला पुल के समीप बजरंग सेतु का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। करीब 69.20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह पुल 132.30 मीटर लंबा और पांच मीटर चौड़ा है। पुल के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ा 65 मिमी मोटाई वाला पारदर्शी कांच का फुटपाथ बनाया गया है।

पुल का प्रवेश द्वार केदारधाम की तर्ज पर तैयार किया गया है, जो लोगों को खासा आकर्षित कर रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि उद्घाटन से पहले ही पुल को खुला छोड़ देना विभाग की बड़ी लापरवाही है। उन्होंने पुल पर तत्काल सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश में बढ़ती भीड़ को देखते हुए लोगों ने चिंता जताई है कि यदि स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पुल के कांच को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है।

वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीन करनवाल ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि पुल का कांच टूटा है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *