देहरादून जिले के रानीपोखरी क्षेत्र में एयरपोर्ट गार्ड ड्यूटी में तैनात एक हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल की कार्बाइन से एक के बाद एक 11 गोलियां चलीं, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
मृतक की पहचान 49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील के रूप में हुई है, जो देहरादून एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात थे। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब साढ़े दस बजे रानीपोखरी के नागाघेर स्थित उनके आवास पर अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। उस समय सुनील घर के बरामदे में मौजूद थे।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल सुनील को तुरंत उपचार के लिए जौलीग्रांट स्थित हिमालय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि हेड कांस्टेबल को उनकी ही कार्बाइन से 11 गोलियां लगी हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं एसपी देहात जया बलोनी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
लगातार 11 गोलियां चलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है।