देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। सोमवार से नई दरें लागू होने के बाद वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र पर इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है।
देहरादून में पेट्रोल की कीमत में 2.55 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इसके बाद अब पेट्रोल 100.50 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल के दाम में 2.72 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 95.90 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
इसके अलावा प्रीमियम श्रेणी के एक्सपी-95 पेट्रोल की कीमत भी बढ़कर 108.93 रुपये प्रति लीटर हो गई है। तेल कंपनियों की ओर से लगातार बढ़ाई जा रही कीमतों का असर आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ माल ढुलाई और सार्वजनिक परिवहन पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है, जब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। सोमवार को देशभर में पेट्रोल के दाम में करीब 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे पहले शनिवार को भी ईंधन की कीमतों में 87 से 91 पैसे तक का इजाफा किया गया था।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है और लोग राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।