खटीमा। उत्तराखंड में भू कानून उल्लंघन और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को खटीमा स्थित कालापुल, नगला तराई में अपने निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज किया जाए और भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की गहन जांच की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं की सरकारी भूमि पर भी विशेष निगरानी रखी जाए और जहां भी अवैध कब्जे मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित करने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्थित शत्रु संपत्तियों पर अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही वक्फ संपत्तियों का पूरा विवरण उम्मीद पोर्टल पर दर्ज करने और उसकी नियमित समीक्षा व जांच करने को कहा गया।
बाहरी राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच की जाए और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया जाए। उन्होंने जनसेवा केंद्रों की जांच कर फर्जी राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा।
सीएम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और प्रदेशभर में वेरिफिकेशन अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मानसून को देखते हुए सभी जिलों में आपदा प्रबंधन की तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।
मानसून से पहले सड़क और पेयजल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आंतरिक क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी रखने को भी कहा।
अनावश्यक बिजली कटौती पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में किसी भी स्थिति में अनावश्यक बिजली कटौती न की जाए। यदि किसी कारणवश बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़े तो इसकी पूर्व सूचना आम जनता तक समय पर पहुंचाई जाए।
चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की होगी लगातार मॉनिटरिंग
सीएम धामी ने अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। उन्होंने चारधाम यात्रा रूट पर पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
किसानों तक पहुंचे योजनाओं का वास्तविक लाभ
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाएं केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि किसानों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने की जरूरत है, ताकि किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।