देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान अल्ट्रा रन के शुभंकर “क्यालु-हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास पैदा करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा है और यह आयोजन उसी भावना को मजबूत करेगा।
सीएम धामी ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं” के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति मिलेगी।
31 मई 2026 को नीति घाटी में आयोजित होने वाली इस अल्ट्रा रन में देश के 27 राज्यों और दो देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड के एडवेंचर स्पोर्ट्स इतिहास में नया अध्याय लिखेगा।