Chamoli: गृह सचिव गोविंद मोहन एमआई-17 से पहुंचे गोपेश्वर, रुद्रनाथ यात्रा पर रहेंगे दो दिन

चमोली: भारत सरकार के गृह सचिव गोविंद मोहन गुरुवार को सेना के विशेष विमान एमआई-17 से गोपेश्वर पहुंचे। उनके साथ आईटीबीपी के एडीजी संजय गुंज्याल भी मौजूद रहे। गृह सचिव शुक्रवार से चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की तीर्थयात्रा पर जाएंगे और दो दिन तक यात्रा मार्ग पर रहेंगे।

गोपेश्वर खेल मैदान में हेलीकॉप्टर के उतरने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने उनका स्वागत किया। जानकारी के अनुसार गृह सचिव शुक्रवार और शनिवार को रुद्रनाथ धाम की यात्रा करेंगे, जबकि 24 मई को उनके वापस लौटने का कार्यक्रम तय किया गया है।

दौरे के दौरान गृह सचिव शाम को गोपीनाथ मंदिर में आयोजित होने वाली सांयकालीन आरती में भी शामिल होंगे। इसे देखते हुए मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आईटीबीपी और पुलिस के जवानों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासन की ओर से उनके दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग और ठहराव स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गृह सचिव का रात्रि प्रवास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निरीक्षण भवन में रहेगा।

गृह सचिव के दौरे को लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा एजेंसियों के साथ स्थानीय प्रशासन भी लगातार समन्वय बनाए हुए है, ताकि यात्रा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *