Vikasnagar News: रंजिश में मेडिकल स्टोर संचालक पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

Vikasnagar के सहसपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मेदनीपुर बद्रीपुर में रविवार को एक मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मामूली रंजिश के चलते एक युवक ने मेडिकल स्टोर संचालक पर धारदार हथियार ‘पाठल’ से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में घायल व्यापारी को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल स्टोर संचालक महेंद्र प्रतिष्ठा के समीप स्थित नल से पानी भर रहा था। इसी दौरान आरोपी युवक बाइक से वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने अचानक बाइक रोकी और अपने पास रखा धारदार हथियार निकालकर महेंद्र पर हमला कर दिया। आरोपी ने एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग शोर सुनकर घटनास्थल की ओर दौड़े। भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत धर्मावाला स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि करीब तीन दिन पहले आरोपी और मेडिकल स्टोर संचालक के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *