Rishikesh News: गंगा में नहाते समय राजस्थान का युवक डूबा, शिवपुरी में एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

ऋषिकेश के शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान के दौरान राजस्थान का एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है। हादसे के बाद युवक के साथियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को थाना मुनिकीरेती पुलिस के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि शिवपुरी नमामि गंगे घाट के पास पांच युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान राजस्थान निवासी वेद प्रकाश (24) पुत्र गिरिराज, निवासी चचियावास, अलवर अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा।

साथियों ने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन गंगा के तेज बहाव के कारण वह पानी में ओझल हो गया। बताया जा रहा है कि सभी युवक राजस्थान की एक फैक्ट्री में काम करते हैं और घूमने के लिए ऋषिकेश आए हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गंगा नदी के भीतर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और आपदा राहत बल की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं।

पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। वहीं एसडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि वर्तमान समय में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है। ऐसे में अनजान और गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें और घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *