देहरादून में एक और बड़ा चिटफंड घोटाला, बोटब्रो-क्रास मार्केट में निवेश करने वालों के करोड़ों रुपये डूबे

राजधानी देहरादून में एक और बड़े चिटफंड घोटाले का खुलासा हुआ है। बोटब्रो, क्रास मार्केट और माइन क्रिटो नामक कंपनियों के जरिए लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। रायपुर थाने में छह नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी संचालकों ने निवेशकों को हर महीने पांच से 10 प्रतिशत तक लाभ देने का झांसा देकर बड़ी रकम निवेश करवाई। शुरुआती दौर में लोगों का भरोसा जीतने के लिए कंपनी की ओर से प्लॉट देने और पीडीसी चेक उपलब्ध कराने जैसे दावे भी किए गए। बाद में कंपनी अचानक बंद कर दी गई और निवेशकों का पैसा फंस गया।

25 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप

रायपुर निवासी दुर्गा बहादुर गुरुंग की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में बताया गया है कि अब तक सामने आए करीब 10 निवेशकों ने 25 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप लगाया है। साथ ही आशंका जताई गई है कि इस घोटाले के शिकार सैकड़ों लोग अभी सामने नहीं आए हैं।

तहरीर के अनुसार करीब दो वर्ष पहले नवीन सिंह नेगी ने खुद को कंपनी से जुड़ा बताते हुए लोगों को निवेश करने के लिए प्रेरित किया। कंपनी को वैध बताते हुए निवेशकों से ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर बिजनेस आईडी बनाई गई और एक वर्ष का लाइसेंस शुल्क 10 हजार रुपये जमा कराया गया। इसके बाद विभिन्न योजनाओं में लाखों रुपये का निवेश कराया गया।

सोशल मीडिया और सेमिनार के जरिए फैलाया नेटवर्क

पीड़ितों का कहना है कि कंपनी ने जूम मीटिंग, होटल सेमिनार, सोशल मीडिया प्रचार, व्हाट्सएप ग्रुप और व्यक्तिगत संपर्कों के माध्यम से निवेशकों का नेटवर्क तैयार किया। लोगों को बताया गया कि छह माह बाद वे अपनी मूल धनराशि बिना किसी कटौती के निकाल सकते हैं, लेकिन अक्तूबर 2025 में कंपनी बंद हो गई।

पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी संचालकों और एजेंटों ने सुनियोजित तरीके से लोगों को निवेश के जाल में फंसाया और करोड़ों रुपये हड़प लिए।

पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आर्थिक लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

ये लोग आए सामने

  • दुर्गा बहादुर गुरुंग, किद्दूवाला रायपुर
  • सुनील बौडाई, नथूवाला
  • शैलेन्द्र रावत, नथूवाला
  • विवेकानन्द कपरवाण, बालावाला
  • विकास चौधरी, विष्णु विहार अजबपुर कलां
  • अजयपाल, बाणी विहार
  • मनोज लामा, नीबूंवाला गढ़ीकैंट
  • भाष्कर, सालावाला
  • राजेश थापा, सौडा सरोली
  • राजेश भण्डारी, नथूवाला

नामजद आरोपी

  • नवीन सिंह नेगी, सिद्ध विनायक कॉलोनी गुजरोवाली चौक
  • दीपेश देवरानी, बालावाला
  • जगपाल सिंह सजवाण, बालावाला
  • सुरेन्द्र प्रसाद कोटवाल, रायपुर
  • अनिल कुमार परदेशी, चक्खू मोहल्ला
  • कमल सिंह रावत, नकरौंदा मोड़

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पीड़ितों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आर्थिक अपराध शाखा की मदद भी ली जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *