केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड Central Board of Secondary Education (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है। छात्र अपना परिणाम सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन देख सकते हैं।
सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं इस वर्ष 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। देशभर में लगभग 7,574 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां एक ही शिफ्ट में परीक्षाएं संपन्न कराई गईं। बोर्ड ने इस बार भी किसी आधिकारिक टॉपर सूची की घोषणा नहीं की है। सीबीएसई का कहना है कि इसका उद्देश्य छात्रों पर अनावश्यक दबाव को कम करना है।
देहरादून रीजन का पास प्रतिशत 81.42%
सीबीएसई के देहरादून रीजन का कुल पास प्रतिशत इस वर्ष 81.42 प्रतिशत दर्ज किया गया है। देहरादून रीजन में उत्तराखंड के 13 और उत्तर प्रदेश के 8 जिले शामिल हैं। देशभर के 22 रीजन में देहरादून रीजन को 17वां स्थान मिला है।
इस वर्ष रीजन में कुल 1,285 विद्यालय परीक्षा प्रक्रिया में शामिल हुए थे, जबकि 480 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कुल 97,623 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें 54,601 छात्र और 43,022 छात्राएं शामिल थीं। परीक्षा में कुल 97,012 विद्यार्थी शामिल हुए।
छात्राओं का प्रदर्शन रहा शानदार
रिजल्ट में छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। आंकड़ों के अनुसार छात्रों का पास प्रतिशत 77.92 प्रतिशत रहा, जबकि छात्राओं का पास प्रतिशत 85.84 प्रतिशत दर्ज किया गया। इससे स्पष्ट है कि इस बार भी बेटियों ने शानदार सफलता हासिल की है।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
छात्र अपना रिजल्ट CBSE Official Website के अलावा DigiLocker और UMANG ऐप पर भी देख सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी की आवश्यकता होगी।
पास होने के लिए जरूरी हैं इतने अंक
सीबीएसई के अनुसार 12वीं कक्षा में पास होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। बोर्ड के ग्रेडिंग सिस्टम में A से D तक के ग्रेड को उत्तीर्ण माना जाता है, जबकि E ग्रेड मिलने पर छात्र को फेल माना जाएगा। ऐसे छात्रों को कम्पार्टमेंट परीक्षा या दोबारा परीक्षा में शामिल होना पड़ सकता है।
रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्र अपने आगे की पढ़ाई और करियर की तैयारियों में जुट गए हैं। उत्तराखंड समेत देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल बना हुआ है।