देहरादून में दहेज के लिए पत्नी की हत्या, बाइक की मांग और शक बना कारण; आरोपी पति गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र से दहेज हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने और पत्नी पर शक के चलते उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र स्थित रडा बाजार निवासी आरिफ ने 21 अप्रैल को अपनी पत्नी शाहीन बानो की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने इसे सामान्य बीमारी से हुई मौत बताकर मामले को दबाने की कोशिश की।

हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि आरोपी शादी के बाद से ही अपनी पत्नी पर दहेज में बाइक लाने का दबाव बना रहा था। इसके अलावा उसे पत्नी के चरित्र पर भी संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

मृतका के पिता लाल मोहम्मद ने 1 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2025 में हुई थी और शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के दिन आरोपी ने फोन कर परिवार को बताया कि उनकी बेटी बीमार है, लेकिन जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पत्नी का चुन्नी से गला घोंट दिया। बाद में उसने रिश्तेदारों और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए बीमारी से मौत की झूठी कहानी बनाई।

सेलाकुई थाना पुलिस ने आरोपी को रविवार देर रात बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *