रुड़की: हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला से एक बेहद दुखद और चिंताजनक घटना सामने आई है। नदी में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके शरीर पर मिले गहरे जख्मों ने मगरमच्छ के हमले की आशंका को जन्म दे दिया है। हालांकि, वन विभाग ने अभी तक आधिकारिक रूप से मगरमच्छ के हमले की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बंजारेवाला निवासी राजा (13) पुत्र प्रमोद बृहस्पतिवार शाम से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। रातभर खोजबीन के बावजूद जब वह नहीं मिला तो परिवार की चिंता बढ़ती चली गई।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को नदी किनारे राजा की साइकिल और कपड़े पड़े मिले। इससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू की। कुछ देर बाद ही बालक का शव नदी में उतराता हुआ मिला, जिसे देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर बुग्गावाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं, वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान बालक के शरीर पर 8 से 10 स्थानों पर गहरे काटने के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा उसका आधा कान भी कटा हुआ मिला है, जिससे मगरमच्छ के हमले की संभावना जताई जा रही है।
खानपुर वन रेंज अधिकारी प्रियांशु पांडे ने बताया कि शव पानी में उतराता हुआ मिला है और फिलहाल क्षेत्र में मगरमच्छ की सक्रियता की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और संभावित खतरों की जांच करने की मांग की है।