व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी पर अल्मोड़ा में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

अल्मोड़ा में व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ती महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।

चौघानपाटा क्षेत्र में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दामों में 993 रुपये की वृद्धि का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस फैसले से छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और वह केवल राजस्व बढ़ाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि पहले से ही बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही जनता के लिए यह फैसला बेहद नुकसानदायक साबित होगा।

प्रदर्शन के दौरान महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने भी अनोखे तरीके से विरोध जताया। वह अपने सिर पर गैस सिलिंडर रखकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं, जिससे आम लोगों की परेशानियों को उजागर किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

इस मौके पर राधा बिष्ट, अरविंद रौतेला, विनोद वैष्णव, विक्रम फर्त्याल, दीप डांगी, सुशील साह, भैरव गोस्वामी, गोविंद बाल्टयाल, नारायण दत्त पांडे, वीके पांडे, शरद साह, दीपा साह, निर्मल रावत, दिनेश पिलखवाल, मुकेश कुमार, विकास कुमार, वैभव पांडे, गोपाल भट्ट, इसरार अहमद, रवींद्र कुमार टम्टा और वकुल साह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *