देहरादून में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: लूट के बाद भाग रहे तीन में से एक ढेर, SHO को लगी दो गोलियां

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश मारा गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। मुठभेड़ में प्रेमनगर थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौर भी घायल हो गए, जिन्हें दो गोलियां लगी हैं।

जानकारी के अनुसार, पौंधा रोड पर बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर घेराबंदी शुरू कर दी।

चेकिंग के दौरान बदमाशों ने खोली फायरिंग
घेराबंदी के दौरान पुलिस को संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसमें तीन बदमाश सवार थे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लग गईं।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। उसका शव कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

दो बदमाश फरार, एक के घायल होने की आशंका
मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि इनमें से एक बदमाश घायल है।

घायलों को किया गया हायर सेंटर रेफर
लूट के दौरान घायल हुए व्यक्ति और मुठभेड़ में घायल थाना प्रभारी नरेश राठौर को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पूरे शहर में नाकेबंदी, सघन तलाशी अभियान
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रात 10:36 बजे डायल 112 पर सूचना मिलते ही सभी थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया था। मुठभेड़ के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है और हर चौराहे पर सख्त चेकिंग की जा रही है।

फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार सघन कांबिंग अभियान चला रही है। जंगलों और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *