देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, जो कभी अपने सुहावने मौसम के लिए जानी जाती थी, इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी औसत से तीन डिग्री ज्यादा 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। तापमान में इस असामान्य वृद्धि ने शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया है।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाजारों में भीड़ न के बराबर देखने को मिल रही है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी लू से बचाव के लिए सिर और चेहरे को ढककर निकल रहे हैं। दोपहर के समय शहर की गतिविधियां लगभग ठप हो जाती हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी लू चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान जताया गया है कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है और लोगों को विशेषकर दोपहर के समय सावधानी बरतनी चाहिए।
मौसम विभाग की प्रमुख चेतावनियां:
- पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा।
- अगले 1-2 दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है।
- इसके बाद 3-4 दिनों के भीतर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
गौरतलब है कि बदलते मौसम ने देहरादून की पारंपरिक ठंडी जलवायु की पहचान को चुनौती दी है। ऐसे में शहरवासियों को अब बारिश या ठंडी हवाओं का इंतजार है, ताकि भीषण गर्मी से राहत मिल सके।