नैनीताल: 5 दिन बाद लापता युवक का शव खाई में मिला, परिजनों ने दोस्तों पर जताया हत्या का शक

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पांच दिन से लापता युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय के रूप में हुई है। युवक का शव टूटा पहाड़ क्षेत्र में गहरी खाई से बरामद किया गया। घटना के बाद परिजनों ने युवक के दोस्तों पर हत्या का शक जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। युवक के अचानक गायब होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस ने आसपास लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन शुरुआती दिनों में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया।

जांच के दौरान पुलिस ने युवक के संपर्क में रहे उसके तीन दोस्तों से भी पूछताछ की। वहीं सोमवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान टूटा पहाड़ क्षेत्र में करीब 80 मीटर गहरी खाई में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि दीपक के दोस्तों की भूमिका संदिग्ध है। उनका कहना है कि युवक का इस तरह अचानक लापता होना और बाद में शव का खाई में मिलना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *