केदारनाथ धाम में दो श्रद्धालुओं की अचानक बिगड़ी तबीयत, एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल

केदारनाथ: उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम में देर रात दो तीर्थयात्रियों की तबीयत अचानक बिगड़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) और पुलिस की तत्परता के चलते दोनों श्रद्धालुओं को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी को सबसे पहले हेलीपैड के पास एक युवक की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की पहचान राहुल बेनीवाल (20) के रूप में हुई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे रेस्क्यू कर विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

इसी बीच एक और सूचना प्राप्त हुई कि केदारनाथ मंदिर परिसर में एक बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई है। इस पर एसडीआरएफ की टीम बिना समय गंवाए मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि मधुबेन (70), पत्नी चिमन भाई कोरत, निवासी गुजरात, को सांस लेने में गंभीर दिक्कत हो रही थी।

टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को स्ट्रेचर के माध्यम से मंदिर परिसर से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल महिला का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

प्रशासन ने एसडीआरएफ की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *