देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम बदलने जा रहा है। बीते कई दिनों से गर्मी की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के नौ जिलों में बारिश, अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। खासकर पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है, जबकि 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि, कुछ जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है। वहीं, किसानों को भी फसलों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।