हरिद्वार:
हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक साधु की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावर ने साधु पर डंडों और पत्थरों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के अंडरपास के ऊपर हाईवे के बीच की है। यहां एक नेपाली मूल के व्यक्ति ने करीब 45 वर्षीय साधु पर अचानक हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल साधु को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना कुलदीप निवासी मोहनपुरा, रुड़की (हाल निवासी रोड़ीबेलवाला) ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
साथ ही, मृतक साधु की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।