देहरादून। देहरादून में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र की झाझरा चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से आ रही एक सफेद कार में सवार कुछ लोग एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर कार (UP 14 FH 7340) को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार में मौजूद तीनों व्यक्तियों के पास 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों पर जाकर खासतौर पर बुजुर्ग और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन की जानकारी हासिल कर खातों से पैसे निकाल लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अली (गाजियाबाद), नसीरुद्दीन (दिल्ली) और मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और बरामद सामान को सील कर दिया गया है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने किन-किन इलाकों में इस तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है।