देहरादून में दर्दनाक हादसा: यमुना पुल के पास नदी से मिला लापता युवक का शव, दो दिन बाद SDRF को मिली सफलता

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डाकपत्थर क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां यमुना पुल के पास नदी में लापता युवक का शव बरामद किया गया है। युवक पिछले दो दिनों से लापता था और उसकी तलाश लगातार जारी थी।

जानकारी के मुताबिक, 17 अप्रैल से लापता युवक की खोज के लिए SDRF और स्थानीय प्रशासन द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा था, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को एक बार फिर से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान यमुना पुल के पास नदी में फंसे एक ट्रक के नीचे युवक का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला।

मृतक की पहचान संदीप अधिकारी (32) पुत्र प्रताप सिंह अधिकारी, निवासी ग्राम बुराष्टि (कच्चा), चकराता, देहरादून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संदीप अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद उसकी खोज की जा रही थी।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और क्षेत्र में भी दहशत बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *