उधम सिंह नगर: पुरानी रंजिश में युवक की चाकू से हत्या, घर लौटते समय किया गया हमला

उधम सिंह नगर: जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो फास्ट फूड की दुकान चलाकर अपना और परिवार का पालन-पोषण करता था।

जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में बनखंडी मंदिर के पीछे पहले से घात लगाए बैठे शिवा नाम के युवक ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले दीपक के साथ मारपीट की और फिर चाकू से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल दीपक को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी शिवा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, दीपक के पिता का चार साल पहले निधन हो चुका है। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। दीपक की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *