देहरादून में सीएम धामी का औचक निरीक्षण, जन शिकायत पर मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को लगाई फटकार

देहरादून:
उत्तराखंड में जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सख्त नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने देहरादून के जाखन क्षेत्र में एक जन शिकायत की जांच के लिए खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री ने यह निरीक्षण किया। जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर रोड स्थित फुटपाथ के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड करने के दौरान फुटपाथ को खोद दिया गया, लेकिन बाद में उसे सही तरीके से दुरुस्त नहीं किया गया, जिससे टाइल्स धंस गई हैं और राहगीरों को परेशानी हो रही है।

वीडियो कॉल पर अधिकारियों को दिखाई हकीकत
मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता को साथ लिया और अपने मोबाइल फोन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को वीडियो कॉल कर फुटपाथ की वास्तविक स्थिति दिखाई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कहा कि विभागों के बीच समन्वय की कमी से जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद कहीं भी बिजली के तार बाहर दिखाई नहीं देने चाहिए, क्योंकि इससे आम लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

समन्वय और योजना के साथ काम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करें, ताकि इस तरह की समस्याएं दोबारा न हों।

प्रदेशभर में चलाया जाएगा अभियान
सीएम धामी ने कहा कि वे आगे भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के औचक निरीक्षण करते रहेंगे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि राज्यभर में इस प्रकार की शिकायतों की जांच कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों पर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *