हल्द्वानी। हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें पुलिस विभाग के हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। बेलबाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार हेड कांस्टेबल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने देर रात उनकी न्यूरो सर्जरी की, लेकिन हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल पुष्कर रौतेला किसी मामले में रिपोर्ट लेने के लिए रुद्रपुर स्थित फोरेंसिक लैब गए थे। गुरुवार देर शाम रिपोर्ट लेकर वह बाइक से हल्द्वानी लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे जब वह बेलबाबा मंदिर के पास पहुंचे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक डंपर तेज रफ्तार में सामने चल रही कार को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट पहनने के बावजूद हेड कांस्टेबल के सिर में गंभीर चोट लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
रुद्रपुर से बुलाए गए विशेषज्ञ डॉक्टर
घायल हेड कांस्टेबल की गंभीर स्थिति को देखते हुए रुद्रपुर से न्यूरो सर्जन डॉ. अजय बजाज को बुलाया गया। उन्होंने सुशीला तिवारी अस्पताल के डॉक्टरों की टीम के साथ मिलकर देर रात सर्जरी की। डॉक्टरों का कहना है कि मरीज की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी का हाल जाना। वहीं, अस्पताल में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।