काशीपुर/बिलासपुर: काशीपुर हाईवे पर रविवार देर रात बाइक सवार बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग से हड़कंप मच गया। स्कॉर्पियो में सवार एक कारोबारी और उसके तीन साथी इस हमले में बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि गोलियां वाहन में लगीं और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, मनिहार खेड़ा (बिलासपुर, रामपुर) निवासी विजय, जो “कार बाजार” के नाम से पुराने वाहनों का कारोबार करते हैं, रविवार रात करीब 11:30 बजे अपने साथियों नजर अली, महेश और रवि के साथ रुद्रपुर के गावा चौक गए थे। काम निपटाने के बाद जब सभी वापस लौट रहे थे, तभी फ्लाईओवर के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी स्कॉर्पियो पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से घबराए विजय ने हिम्मत दिखाते हुए वाहन को तेज गति से आगे बढ़ाया और हमलावरों से बचते हुए सीधे आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी।
बताया जा रहा है कि घटना स्थल उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र के अंतर्गत रुद्र-बिलास चौकी क्षेत्र में आता है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने यूपी पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची यूपी पुलिस ने निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच यूपी पुलिस द्वारा की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य एजेंसियों से सहयोग लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।