उत्तरकाशी में गोमुख ट्रैक पर बर्फ की मार, निरीक्षण के दौरान टीम लौटी; आम यात्रियों के लिए अभी बंद

उत्तरकाशी। गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला प्रसिद्ध गोमुख ट्रैक लगातार हो रही बर्फबारी और क्षतिग्रस्त मार्ग के चलते अब भी बंद है। ट्रैक की स्थिति का जायजा लेने निकली अधिकारियों और ट्रैकिंग विशेषज्ञों की टीम को भारी बर्फ के कारण बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।

गौरतलब है कि गंगोत्री नेशनल पार्क के द्वार 1 अप्रैल से खोल दिए गए थे, लेकिन गोमुख ट्रैक पर जमी भारी बर्फ और खराब रास्तों के कारण 13 दिन बाद भी ट्रैकर्स और आम यात्रियों की आवाजाही पर रोक बनी हुई है।

शनिवार को पार्क के उपनिदेशक हरीश नेगी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और गढ़वाल हिमालय ट्रैकिंग एंड माउंटनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने कनखू बैरियर से भोजगढ़ी तक करीब 11 किलोमीटर पैदल मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भोजगढ़ी नाले में अत्यधिक बर्फ जमा मिली और इसी बीच बर्फबारी शुरू हो गई, जिसके चलते टीम को वापस लौटना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में ट्रैक आम लोगों के लिए सुरक्षित नहीं है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा ने बताया कि पर्वतारोहण गतिविधियों के लिए मार्ग में अधिक परेशानी नहीं है, इसलिए पर्वतारोहियों को सीमित अनुमति दी जा सकती है। वहीं उपनिदेशक हरीश नेगी ने कहा कि यदि इस सप्ताह ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं होती है, तो अगले एक सप्ताह में पर्वतारोहियों के लिए ट्रैक खोला जा सकता है।

हालांकि आम पर्यटकों और श्रद्धालुओं को गोमुख जाने के लिए अभी इंतजार करना होगा। ट्रैक पर स्थित आश्रम और गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के गेस्ट हाउस भी फिलहाल बंद हैं, जिससे यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आम लोगों के लिए ट्रैक खोला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *