सितारगंज में पति की दरिंदगी: मारपीट के बाद जबरन संबंध, गला दबाकर हत्या का प्रयास

सितारगंज। शहर से घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर मारपीट, जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाने और जान से मारने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 27 अप्रैल 2025 को गांव कठंगरी निवासी वसीम अंसारी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही उसका पति उसे छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज करता था और लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा था।

महिला के अनुसार, 11 अप्रैल की सुबह करीब चार बजे आरोपी पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसका बायां हाथ टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने महिला का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी कई बार इस तरह की हरकतें कर चुका है, लेकिन सामाजिक दबाव के चलते वह अब तक चुप रही। एक बार शिकायत भी की थी, लेकिन समझौते के कारण उसे वापस लेना पड़ा। इस बार महिला ने साहस दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसके पास घटना से संबंधित फोटो और वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं।

सीओ बीएस धौनी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *