देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून के बल्लूपुर चौक पर आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेते हुए खुद झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर सफाई अभियान को सफल बनाया।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस स्वेच्छिक स्वच्छता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानें, बल्कि इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें। उन्होंने कहा कि जब तक हर नागरिक स्वेच्छा से आगे आकर योगदान नहीं देगा, तब तक स्वच्छता के क्षेत्र में स्थायी बदलाव संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। हमें अपने घरों के साथ-साथ अपने आसपास के क्षेत्र, मोहल्ले और शहर को साफ रखने की आदत विकसित करनी होगी।
उन्होंने नगर निगम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी आधारित ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अहम भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रकार के स्वच्छता अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लगातार बनी रहे।