उत्तराखंड चुनाव मिशन में भाजपा की पूरी ताकत झोंकी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे देवभूमि

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के लगातार दौरों के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उत्तराखंड पहुंच गए हैं। पार्टी आगामी चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटी है।

भाजपा नेतृत्व उत्तराखंड को राजनीतिक रूप से बेहद अहम राज्य मान रहा है। यही वजह है कि पिछले कुछ महीनों में केंद्र और संगठन के बड़े नेताओं की राज्य में लगातार सक्रियता देखने को मिली है। पार्टी का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं के दौरों से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हो रहा है और चुनावी तैयारियों को मजबूती मिल रही है।

लगातार हो रहे बड़े नेताओं के दौरे

पिछले वर्ष नवंबर में राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई विकास योजनाओं की सौगात देने के साथ जनसभा को संबोधित किया था।

फरवरी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। इसके बाद मार्च में गृहमंत्री अमित शाह का हरिद्वार दौरा और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का हल्द्वानी कार्यक्रम चर्चा में रहा।

14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी शामिल हुए और राज्य से जुड़ी सड़क परियोजनाओं की जानकारी साझा की।

बूथ स्तर तक पहुंचेगी संगठनात्मक रणनीति

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान भाजपा कोर कमेटी, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए रणनीति और जीत का मंत्र देंगे।

भाजपा इस बार “बूथ जीतों, चुनाव जीतों” रणनीति पर विशेष फोकस कर रही है। पार्टी बूथ स्तर पर कमजोरियों को दूर करने और मजबूत क्षेत्रों को और सशक्त बनाने में जुटी हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति का भी फीडबैक लेंगे।

मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्वधारियों के जरिए साधे समीकरण

हाल के महीनों में प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार कर भाजपा ने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की है। इसके अलावा पार्टी ने करीब 80 नए दायित्वधारियों की नियुक्ति भी की है।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों के जरिए कार्यकर्ताओं को संगठन में भागीदारी का संदेश देने के साथ चुनावी तैयारी को मजबूत किया जा रहा है। पार्टी अब संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर चुनावी मोड में नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *