देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को आयोजित सांसदों, विधायकों और मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने नेताओं को सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि पार्टी से जुड़े विषयों और मतभेदों को सार्वजनिक मंचों के बजाय पार्टी फोरम में रखा जाए।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायकों को अपने कार्यकाल की उपलब्धियों की पुस्तिका प्रकाशित कर जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए, ताकि जनता सीधे तौर पर सरकार की उपलब्धियों से जुड़ सके।
कम अंतर वाली सीटों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में उन विधानसभा सीटों पर विशेष रणनीति बनाने की बात कही गई, जहां भाजपा पिछली बार कम अंतर से जीत हासिल कर पाई थी। इसके अलावा हारी हुई सीटों को लेकर भी संगठन स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इन सीटों पर सांसदों की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी, ताकि चुनावी मजबूती सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने विधायकों को सोशल मीडिया पर बयानबाजी और अनावश्यक प्रतिक्रियाओं से बचने की सलाह दी। नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और सभी जनप्रतिनिधियों को संगठन की मर्यादा का पालन करना चाहिए।
मंत्रियों से पूछा- चुनाव जीतने की क्या है रणनीति?
इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंत्री समूह के साथ अलग बैठक कर सभी कैबिनेट मंत्रियों से उनके विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने मंत्रियों से सीधा सवाल किया कि 2027 विधानसभा चुनाव जीतने के लिए उनकी क्या रणनीति है और वे जनता तक योजनाओं का लाभ किस तरह पहुंचा रहे हैं।
बैठक में मंत्रियों ने अपने विभागों की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। साथ ही लाभार्थियों को संगठन से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
“उत्तराखंड विकास के मोर्चे पर बना उदाहरण”
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि छोटा राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड विकास के मामले में बड़े राज्यों को चुनौती दे रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पर जनता का अटूट विश्वास है और यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि धर्म और संस्कृति संरक्षण के साथ-साथ डेमोग्राफी संतुलन को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए गए फैसलों की चर्चा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया गया तो भाजपा 2027 में नए रिकॉर्ड के साथ फिर सत्ता में लौटेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा लगातार जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी की अगली बड़ी परीक्षा है। इसके लिए संगठन और सरकार दोनों को और अधिक सक्रिय होकर काम करने की आवश्यकता है।