Uttarakhand Weather Alert: बारिश से बदला मौसम, कई जिलों में ओलावृष्टि और 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में बीते कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी पर आखिरकार बारिश ने ब्रेक लगा दिया है। गुरुवार देर रात देहरादून, मसूरी समेत कई इलाकों में शुरू हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम बना रहेगा। विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर तेज बारिश और गर्जन की संभावना भी जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों के लिए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह बना रह सकता है। विभाग के अनुसार तीन जून तक पूरे उत्तराखंड में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यात्रियों, पर्यटकों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *