Uttarakhand: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे में बदलाव, संतों और शिक्षाविदों से करेंगे विशेष संवाद

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के कार्यक्रम में अहम बदलाव किया गया है। अब उनके दौरे में संत समाज और शिक्षाविदों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। पार्टी संगठन ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उनके दौरे को बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से तैयार किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को दोपहर बाद देहरादून पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। हालांकि प्रदेश में जारी ऊर्जा संकट को देखते हुए इस बार स्वागत कार्यक्रम को सीमित रखा गया है और किसी प्रकार का रोड शो आयोजित नहीं किया जाएगा।

दौरे के पहले दिन वह भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अलग बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं 29 मई को सांसदों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें सभी मंत्री विधायक के रूप में भाग लेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होगी।

भाजपा संगठन इस दौरे के जरिए बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने की तैयारी में जुटा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष डाकरा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष के घर भोजन करेंगे और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे। पार्टी का उद्देश्य प्रदेश नेतृत्व से लेकर पंचायत स्तर तक सभी कार्यकर्ताओं के बीच एक समान संदेश पहुंचाना और चुनावी तैयारियों को धार देना है।

परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में होंगे शामिल

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 29 मई की शाम राष्ट्रीय अध्यक्ष परमार्थ निकेतन में आयोजित गंगा आरती में शामिल होंगे। इस दौरान ऋषिकेश और हरिद्वार के संतों के साथ उनका संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। भाजपा इसे सामाजिक और आध्यात्मिक संगठनों के साथ समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।

शिवालिक कॉलेज में करेंगे कॉन्क्लेव में शिरकत

30 मई को सुबह 11 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित “विकसित भारत 2047 में उच्च शिक्षा का महत्व एवं योगदान” विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर वह कॉलेज के नए ऑडिटोरियम का लोकार्पण भी करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा संगठन अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करता है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता तक पहुंच बनाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि नए कार्यक्रमों के जुड़ने से संगठन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *